08:19 PM, 13-Jan-2023
IND vs ESP Hockey Live: दो पेनल्टी कॉर्नर पर गोल नहीं कर सका भारत
भारत ने 37वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया। कप्तान और पेनल्टी कॉर्नर स्पेशलिस्ट हरमनप्रीत सिंह मैदान पर नहीं थे। ऐसे में अन्य खिलाड़ियों के ऊपर गेंद को गोलपोस्ट में डालने की चुनौती थी। भारतीय टीम मैच में मिले चौथे पेनल्टी कॉर्नर को गोल में नहीं बदल सकी। भारत ने 43वें मिनट में भी एक पेनल्टी कॉर्नर बर्बाद किया। इस तरह टीम इंडिया ने अब तक पांच में से चार पेनल्टी कॉर्नर पर गोल नहीं किया।
08:12 PM, 13-Jan-2023
IND vs ESP Hockey Live: कप्तान हरमनप्रीत सिंह पेनल्टी स्ट्रोक चूके
मैच के तीसरे क्वार्टर में भारत को गोल करने का सुनहरा मौका मिला। 32वें मिनट में स्पेन के खिलाड़ियों की गलती की वजह से टीम इंडिया को पेनल्टी स्ट्रोक मिला। इस पर सबको गोल की उम्मीद थी। कप्तान हरमनप्रीत सिंह स्ट्रोक लेने आए, लेकिन वह स्पेन के गोलकीपर को नहीं भेद सके। गेंद गोललाइन को पार नहीं कर सकी और टीम इंडिया को खाते में तीसरा गोल नहीं जुड़ा।
08:00 PM, 13-Jan-2023
IND vs ESP Hockey Live: हाफटाइम तक भारत 2-0 से आगे
दो क्वार्टर का खेल हो चुका है। अब दो क्वार्टर के खेल बाकी हैं। हाफटाइम तक टीम इंडिया मैच में 2-0 से आगे है। उसने शुरुआती 30 मिनट में शानदार प्रदर्शन किया है। हर मामलों में टीम इंडिया स्पेन से आगे है। उसने गोल के लिए चार शॉट लगाए, जिसमें दो में सफलता मिली। स्पेन ने तीन शॉट लगाए। एक भी प्रयास सफल नहीं हुआ। 75 फीसदी पजेशन भारत के पास ही रहा। टीम इंडिया को अब तक तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले और उसने एक पर गोल किया है। स्पेन को एक पेनल्टी कॉर्नर मिला और वह उसे गोल में नहीं बदल पाया।
07:54 PM, 13-Jan-2023
IND vs ESP Hockey Live: भारत ने किया दूसरा गोल
भारत ने 26वें मिनट में दूसरा गोल किया। हार्दिक सिंह ने चार खिलाड़ियों को छकाते हुए जबरदस्त गोल किया। उनका यह गोल लंबे समय तक याद रखा जाएगा। इस विश्व कप में भारत का यह पहला फील्ड गोल है। हार्दिक स्पेन के सर्कल में गेंद को लेकर आगे बढ़ रहे थे। वह गोलपोस्ट के करीब खड़े ललित उपाध्याय को गेंद देना चाहते थे, लेकिन स्पेन के डिफेंडर से लगकर गेंद गोलपोस्ट में चली गई। हार्दिक ने टीम इंडिया को 2-0 की बढ़त दिला दी है।
07:50 PM, 13-Jan-2023
IND vs ESP Hockey Live: कृष्ण पाठक की शानदार गोलकीपिंग
दूसरे क्वार्टर में स्पेन को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला। 24वें मिनट में स्पेन की टीम गोल नहीं कर सके। भारतीय गोलकीपर कृष्ण पाठक ने शानदार बचाव किया। उन्होंने अपनी स्टिक से गेंद की दिशा को मोड़ दी।
07:38 PM, 13-Jan-2023
IND vs ESP Hockey Live: पहला क्वार्टर समाप्त
भारत और स्पेन के बीच पहले क्वार्टर का खेल हो चुका है। टीम इंडिया पहले क्वार्टर के बाद 1-0 से आगे है। अमित रोहिदास ने टीम के लिए इकलौता गोल किया है। पहले क्वार्टर में भारत को तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले। उसने एक पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला।
07:33 PM, 13-Jan-2023
IND vs ESP Hockey Live: भारत ने किया पहला गोल
भारत को 11वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला। इस पर टीम इंडिया गोल नहीं कर पाई। इसके बाद अगले ही मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला। इस पर अमित रोहिदास ने शानदार गोल कर दिया। टीम इंडिया मैच में अब 1-0 से आगे हो गई है। इस विश्व कप में भारत का यह पहला गोल है। टीम इंडिया ने 13वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर हासिल की, लेकिन उस पर गोल नहीं आ सका।
07:20 PM, 13-Jan-2023
IND vs ESP Hockey Live: पहले क्वार्टर का खेल शुरू
भारत और स्पेन के बीच पूल डी का मुकाबला शुरू हो गया है। टीम इंडिया जीत के साथ शुरुआत करना चाहेगी। उसके ग्रुप में इंग्लैंड और वेल्स की टीम भी है। इंग्लैंड ने अपने अभियान की शुरुआत वेल्स के खिलाफ 5-0 से हराया है। भारत की बात करें तो वह 1982 के बाद पहली बार विश्व कप में ओलंपिक पदक जीतने के बाद उतरा है। तब 1980 में ओलंपिक स्वर्ण जीतने के बाद टीम इंडिया 1982 हॉकी विश्व कप में खेली थी।
07:14 PM, 13-Jan-2023
IND vs ESP Hockey Live: मैदान पर पहुंचे नवीन पटनायक
हॉकी विश्व कप में भारत का मुकाबला थोड़ी देर में स्पेन से होगा। दोनों टीमों से मिलने के लिए ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ग्राउंड पर पहुंचे। उन्होंने राष्ट्रगान में हिस्सा लिया।
06:30 PM, 13-Jan-2023
IND vs ESP Hockey Live: 48 साल बाद पदक जीतने पर टीम इंडिया की नजर
टीम इंडिया अपनी मेजबानी में हो रहे टूर्नामेंट में 48 साल बाद पदक जीतने का लक्ष्य लेकर उतरेगी। अगर वह इस बार पदक जीतने में सफल रहती है तो आठ बार की ओलंपिक चैंपियन टीम का फिर से विश्व हॉकी में दबदबा बनने की संभावना मजबूत होगी। भारत ने अब तक तीन पदक जीते हैं। एक पदक शुरुआती संस्करण 1971 में जीता था। दूसरा पदक 1973 में जीता था। अजित पाल सिंह के नेतृत्व में 1975 में भारतीय टीम चैंपियन बनी थी।
06:28 PM, 13-Jan-2023
IND vs ESP Hockey Live: दोनों टीमें
भारत: पीआर श्रीजेश, कृष्णा पाठक, जरमनप्रीत सिंह, सुरेंद्र कुमार, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), वरुण कुमार, अमित रोहिदास (उपकप्तान), नीलम संजीप सेस, मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, नीलकांत शर्मा, शमशेर सिंह, विवेक सागर प्रसाद, आकाशदीप सिंह मनदीप सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, अभिषेक, सुखजीत सिंह।
स्पेन: एंड्रियास रफी, एलेजांद्रो अलोंसो, सीजर क्यूरील, ज़ावी गिस्पर्ट, बोर्जा लाकाले, अलवारो इग्लेसियस, इग्नासियो रोड्रिग्ज, एनरिक गोंजालेज, जेरार्ड क्लैप्स, एंड्रियास रफी, जोर्डी बोनास्त्रे, जोकिन मेनिनी, मारियो गारिन (जीके), मार्क रेने, मार्क मिरालेस (कप्तान) , पेपे कुनील, मार्क रिकसेन्स, पाउ कुनील, मार्क विजकैनो।
06:18 PM, 13-Jan-2023
IND vs ESP Hockey Live: स्पेन के खिलाफ हॉकी विश्व कप में भारत 2-0 से आगे, अमित रोहिदास और हार्दिक सिंह का गोल
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। ओडिशा में चल रहे हॉकी विश्व कप में भारत का पहला मुकाबला स्पेन से थोड़ी देर में शुरू होगा। भारत और स्पेन के बीच यह मैच राउरकेला के नए बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा। पूल डी में टीम इंडिया जीत के साथ शुरुआत करना चाहेगी। ग्रुप में इन दो टीमों के अलावा इंग्लैंड और वेल्स भी है।