आयरलैंड के खिलाफ मैच में कप्तानी के लिए उतरते ही हार्दिक पंड्या 2022 में इंटरनेशनल मैच में भारत की कमान संभालने वाले 5वें कप्तान बन जाएंगे। जनवरी में विराट कोहली और केएल राहुल ने दक्षिण अफ्रीका दौरे पर कप्तानी की थी। इसके बाद रोहित शर्मा वेस्टइंडीज और श्रीलंका सीरीज में कप्तान थे। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वर्तमान टी20 सीरीज में रोहित के आराम लेने के बाद राहुल को कप्तानी मिली थी, लेकिन उनके चोटिल होने के बाद पंत ने यह जिम्मेदारी उठाई। अब हार्दिक कप्तानी के लिए तैयार हैं।
1959 में हुआ था ऐसा
इससे पहले इंटरनेशनल क्रिकेट में सिर्फ एक बार ऐसा हुआ है, जब एक साल में 5 अलग-अलग खिलाड़ियों ने भारत की कप्तानी की है। 1959 में भारत ने 9 मैच खेले थे। इसमें वीनू मांकड के अलावा हेमू अधिकारी, दत्ता गायकवाड़, पंकज रॉय और गुलाबराय रामचंद ने टीम की कप्तानी की थी। इन 9 टेस्ट में भारत को सिर्फ एक जीत गुलबराई रामचंद की कप्तानी में मिली थी। वहीं एक मैच ड्रॉ रहा था, अन्य 7 मैच में टीम इंडिया को हार झेलनी पड़ी थी।
टी20 के होंगे 9वें कप्तान
हार्दिक पंड्या टी20 में भारतीय टीम की कमान संभालने वाले 9वें कप्तान होंगे। वीरेंद्र सहवाग भारत के पहले टी20 कप्तान थे। उसके बाद महेंद्र सिंह धोनी, सुरेश रैना, अजिंक्य रहाणे, विराट कोहली, रोहित शर्मा, शिखर धवन और ऋषभ पंत को यह जिम्मेदारी मिली। इसमें सिर्फ धोनी, कोहली और रोहित ही नियमित कप्तान रहे हैं। अन्य सभी को नियमित कप्तान की गैरमौजूदगी में कमान संभालने का मौका मिला।