एंटरटेनमेंट वर्ल्ड में काफी कुछ होता रहता है, ऐसे में कई बार कुछ खबरें दर्शकों से छूट भी जाती हैं। ऐसे में इस रिपोर्ट में हम आपको एक या दो नहीं बल्कि चार खबरों का अपडेट एक साथ देंगे। जैसे कन्नड़ सुपरस्टार यश के साथ पूजा हेगड़े पैन इंडिया फिल्म में काम कर सकती हैं। वहीं प्रियंका चोपड़ा जोनस ने ‘सिटाडेल’ सीरीज की शूटिंग पूरी कर ली है। इसके अलावा खबरें हैं कि दोस्ताना 2 में जाह्नवी कपूर के साथ अक्षय कुमार रोमांस कर सकते हैं। इन सभी के अलावा रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की शादी पर नीतू कपूर ने रिएक्ट किया है।
कन्नड़ सुपरस्टार यश के साथ काम करेंगी पूजा हेगड़े!
जानी-मानी अभिनेत्री पूजा हेगड़े कन्नड़ सुपरस्टार यश के साथ काम करती नजर आ सकती हैं। यश की फिल्म केजीएफ 2 बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई है।इसके बाद से ही यश की अगली फिल्म का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है। यश ने हालांकि अभी तक केजीएफ के बाद अपनी अगली फिल्म के नाम का ऐलान नहीं किया है। चर्चा है कि यश अपनी एक और अगली पैन इंडिया रिलीज फिल्म के लिए निर्देशक नार्थन के साथ हाथ मिलाने वाले हैं। कहा जा रहा है कि इस फिल्म में यश के अपोजिट पूजा हेगड़े नजर आ सकती हैं। पूजा हेगड़े का नाम इस फिल्म के लिए रेस में लगी अभिनेत्रियों की लिस्ट में सबसे आगे है। पूजा हेगड़े ने अभी तक किसी पैन इंडिया रिलीज फिल्म में काम नहीं किया है। यदि पूजा इस फिल्म के लिए हां कहती हैं तो ये उनके करियर की पहली पैन इंडिया रिलीज फिल्म साबित होगी।
संबंधित खबरें
प्रियंका चोपड़ा जोनस ने ‘सिटाडेल’ सीरीज की शूटिंग पूरी की
अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनस ने रविवार को बताया कि उन्होंने अमेजन ओरिजनल पर आने वाली सीरीज ‘सिटाडेल’ की शूटिंग पूरी कर ली है, जिसका निर्माण ‘एवेंजर्स एंडगेम’ के निर्देशकों एंथनी और जो. रूसो ने किया है। प्रियंका पिछले साल जनवरी से ‘सिटाडेल’ पर काम कर रही थीं। उन्होंने अटलांटा में शूटिंग खत्म होने के बारे में इंस्टाग्राम पर जानकारी दी। अभिनेत्री ने लिखा, ‘आखिरकार शूटिंग पूरी हुई। इस मुश्किल कार्य को संभव और मजेदार बनाने वाले सभी लोगों को धन्यवाद। धन्यवाद अटलांटा। फिर मिलते हैं।’
रणबीर- आलिया की शादी पर क्या बोलीं नीतू?
अभिनेत्री नीतू कपूर अपने बेटे रणबीर कपूर की शादी से बेहद खुश हैं। रणबीर कपूर और आलिया भट्ट ने इस साल शादी की है। नीतू कपूर ने बताया है कि वह अपने बेटे रणबीर कपूर की शादी से बेहद खुश हैं। नीतू कपूर ने बताया कि आलिया ने शादी के बाद रणबीर की लाइफ में चीजें बदल दी हैं। नीतू कपूर ने कहा, ‘मैं आज बहुत खुश हूं। आलिया ने रणबीर को खूब प्यार और अपनापन दिया है। मैं रणबीर में काफी बदलाव महसूस करती हूं। वह साथ में बहुत अच्छे दिखते हैं। मैं बहुत खुश हूं और खुद को लकी महसूस करती हूं कि आलिया हमारी फैमिली में आ गई है। इसलिए, लाइफ वाकई में बदल गई है और अब मैं काफी संतुष्ट महसूस करती हूं। वो टेंशन होता है न कि आपके बेटे की शादी नहीं हुई।’
दोस्ताना 2 में काम करेंगे अक्षय कुमार!
बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार अक्षय कुमार दोस्ताना 2 में काम करते नजर आ सकते हैं। बॉलीवुड फिल्मकार करण जौहर अपनी सुपरहिट फिल्म दोस्ताना का सीक्वल दोस्ताना 2 बनाने जा रहे हैं। कार्तिक पहले दोस्ताना 2 में लीड अभिनेता के रूप में नजर आने वाले थे, लेकिन बात नहीं बन सकी। कहा जा रहा है कि इस फिल्म में अब अक्षय कुमार नजर आ सकते हैं। कहा जा रहा है कि कार्तिक आर्यन को फिल्म से बाहर निकालने के बाद, मेकर्स ने अक्षय कुमार को अप्रोच किया है। मेकर्स और अक्षय कुमार के बीच बातचीत चल रही है। यदि मेकर्स और अक्षय कुमार के बीच बातचीत बन गई तो जल्द ही फिल्म की स्क्रिप्ट में भी कुछ खास बदलाव किए जाएंगे, जिसमें अक्षय कुमार को ध्यान में रखा जाएगा। हालांकि, फिल्म की स्टार कास्ट में होने वाले बदलाव को ध्यान में रखते हुए मेकर्स ने स्क्रिप्ट पर एक बार फिर काम शुरू कर दिया है। जानकारी के मुताबिक ‘दोस्ताना 2’ की लीड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर हैं। यदि सबकुछ सही रहा तो अक्षय कुमार, जाह्नवी कपूर के साथ रोमांस करते नजर आ सकते हैं। गौरतलब है कि ‘दोस्ताना 2’ वर्ष 2008 में रिलीज फिल्म ‘दोस्ताना’ का सीक्वल है। इस फिल्म में जॉन अब्राहम, अभिषेक बच्चन और प्रियंका चोपड़ा ने मुख्य भूमिका निभायी थी।
‘द डिवोशन ऑफ सस्पेक्ट’ उपन्यास पर आधारित फिल्म की शूटिंग पूरी
जापान की बेस्टसेलर पुस्तक ‘द डिवोशन ऑफ सस्पेक्ट एक्स’ पर आधारित फिल्म की शूटिंग पूरी हो गई है। इस फिल्म का निर्देशन सुजॉय घोष कर रहे हैं। नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली इस फिल्म का अब तक नाम फाइनल नहीं हुआ है और यह हत्या के रहस्य के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें करीना कपूर खान, जयदीप अहलावत और विजय वर्मा मुख्य किरदार निभाते नजर आएंगे। करीना ने इंस्टाग्राम पर फिल्म की शूटिंग पूरी होने की जानकारी साझा की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि बेहतरीन क्रू के साथ बेहतरीन वक्त गुजरा और पूरा यकीन है कि फिल्म भी बेहतरीन साबित होगी। नेटफ्लिक्स ने 2005 में प्रकाशित केगो हिगाशिनो के प्रसिद्ध उपन्यास पर आधारित फिल्म बनाने की घोषणा इस साल मार्च में की थी। करीना इस फिल्म के माध्यम से ओटीटी पर डेब्यू करने जा रही हैं।