कैलिफोर्निया2 घंटे पहले
अमेरिका के कैलिफोर्निया में 26 दिसंबर से अब तक आए 6 तूफानों ने तबाही मचा रखी है। लगातार बारिश और बाढ़ के कारण दो हफ्तों में 18 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। बाढ़ इतनी भयावह है कि इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बाढ़ में फंसी एक महिला के हाथ से उसका बच्चा छूटकर बह गया। उस बच्चे को तलाशने में 100 से ज्यादा नेशनल गार्ड लगे रहे, लेकिन सफल नहीं हो सके।
5 साल का बच्चा काइल अपनी मां के साथ कार में जा रहा था। उनकी कार बाढ़ में फंस गई थी। बाढ़ का पानी सड़क पर भरा था और तेज रफ्तार से बह रहा था। किसी हादसे से बचने के लिए मां ने काइल को गोद में उठाया और कार से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान तलाशने लगी, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वह खुद को संभाल नहीं सकी और बच्चा उसकी पकड़ से छूट गया।
महिला ने बच्चे को बचाने की खूब कोशिश की, लेकिन तेज बहाव में काइल बह गया। उसकी मां की चीख-पुकार सुनकर राहत दल मौके पर पहुंचा और बच्चे के बहने की जानकारी नेशनल गार्ड्स को दी। 100 से ज्यादा नेशनल गार्ड्स काफी देर तक बच्चे को तलाशने में जुटे रहे, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। फिलहाल, राहत दल ने कहा है- बच्चे की तलाश में और जवान लगाए जाएंगे।
यह तस्वीर 5 साल के काइल की है जो बाढ़ के पानी में बह गया।
अब तक 8 हजार करोड़ का नुकसान
कैलिफोर्निया में भारी बारिश, तूफान और बाढ़ की वजह से अब तक 8,155 करोड़ रुपए (1 बिलियन डॉलर) की संपत्ति का नुकसान हो चुका है। कई हाईवे, सड़क और पुल पानी में बहकर ध्वस्त हो गए हैं। कई मकान या तो क्षतिग्रस्त हो गए हैं या ढह गए हैं। अमेरिका के आपदा विशेषज्ञ एडम स्मिथ के मुताबिक यह नुकसान का अनुमानित आंकड़ा है। स्थिति सामान्य होने के बाद वास्तविक नुकसान का आकलन किया जाएगा।
बता दें कि पिछले दो हफ्तों में तूफान की वजह से 40 स्टेट हाईवे बाढ़ में डूब गए हैं। लोगों से घरों में ही रहने को कहा गया है। हालांकि बाढ़ के खतरे वाले इलाकों में घरों को खाली कराया जा रहा है।

ड्रोन व्यू में बाढ़ का पानी भरा हुआ दिख रहा है।
अगले दस दिन में 3 और तूफान का खतरा
कैलिफोर्निया के लेफ्टिनेंट गवर्नर एलेनी कौनालकिस ने कहा कि पिछले दो सप्ताह में 6 तूफान कहर बरसा चुके हैं। आने वाले दस दिनों में 3 तूफान और आ सकते हैं। ये तूफान ‘एटमॉस्फेरिक रिवर्स’ (वायुमंडल की नदियां) की वजह से आते हैं।
अमेरिका के नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन (NOAA) के मुताबिक एटमॉस्फेरिक रिवर्स हमारे वायुमंडल में कम चौड़ाई वाले लंबे क्षेत्र होते हैं, जिनमें बड़ी मात्रा में पानी होता है। जिस तरह धरती पर नदियां बहती हैं वैसे ही ये आसमान में बहती हैं। मौसम के साथ इनकी पोजिशन बदलती रहती है। इनके आने की वजह से ही भारी बारिश होती है और तूफान आते हैं।

आपातकालीन सेवाओं के सदस्य पानी के बहाव को रोकने के लिए रेत के बोरे लगा रहे हैं।
बाढ़ के खतरे वाले घर खाली हो रहे
हजारों लोग बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से निकलकर सुरक्षित स्थानों पर गए हैं। सेलिनास नदी के निचले इलाकों में बने घरों को खाली करने के लिए कह दिया गया है। सोलानो काउंटी में 1600 लोगों को जाने के लिए कहा गया है, क्योंकि करी झील का पानी घरों में घुस सकता है।
तूफान की वजह से नदियों का पानी ओवरफ्लो हो रहा है। सड़कें पानी में डूब गई हैं। बड़े-बड़े पेड़ जड़ समेत उखड़ गए हैं।

कैलिफोर्निया में बाढ़ के पानी में डूबे घर।
सैन फ्रांसिस्को में सबसे ज्यादा 13.59 इंच बारिश
नेशनल वेदर सर्विस के मुताबिक, 26 दिसंबर से 10 जनवरी के बीच सैन फ्रांसिस्को में 13.59 इंच बारिश हुई है। इसके अलावा नापा में 11.21 इंच और सैक्रामैंटो में 9.58 इंच बारिश हुई है। ऑकलैंड में रिकॉर्ड 12.9 इंच बारिश हुई है। इस शहर में 16 दिनों के पीरियड में कभी भी इतनी ज्यादा बारिश नहीं हुई है।

गिलरोय में बाढ़ के पानी में घर और कई गाड़ियां डूब गईं।
स्टॉर्म प्रेडिक्शन सेंटर के मुताबिक अगले 5 दिनों के मौसम का हाल…
- 13 जनवरी: एटमॉस्फेरिक रिवर उत्तरी और मध्य कैलिफोर्निया में भारी बारिश करते हुए पूर्वी कैलिफोर्निया की तरफ चली जाएगी।
- 14 जनवरी: पूरे कैलिफोर्निया में बारिश शुरू हो जाएगी। मध्य कैलिफोर्निया में सबसे ज्यादा बारिश हो सकती है। भारी बर्फबारी भी हो सकती है।
- 15 जनवरी: पश्चिमी तटीय इलाकों में बारिश और बर्फबारी जारी रहेगी।
- 16 जनवरी: इस दिन मौसम का सबसे ज्यादा प्रभाव दक्षिणी कैलिफोर्निया में होगा।
- 17 जनवरी: मध्य और दक्षिणी कैलिफोर्निया में बारिश से राहत मिलेगी। उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी इलाके में सबसे ज्यादा प्रभाव देखा जाएगा।
तस्वीरों में देखें बाढ़ की तबाही का मंजर…

पानी भरने की वजह से कैलिफोर्निया में कई स्टेट हाईवे ब्लॉक हो गए हैं।

सैन डिएगो में फायर फाइटर ने एक कुत्ते को बाढ़ से बचाया।

स्कॉट्स वैली में कर्मचारियों ने हाईवे 17 से कीचड़ साफ किया।

वॉलनट ग्रोव में एक अंगूर का बाग बाढ़ के पानी में डूब गया।
ये खबरें भी पढ़ें…
कैलिफोर्निया में 3.4 करोड़ लोगों पर बाढ़ का खतरा:2.2 लाख घरों में बिजली नहीं, कई इलाके डूबे; अब तक 17 की मौत…PHOTOS

अमेरिका के कैलिफोर्निया में पिछले दो हफ्ते से खतरनाक तूफानों ने तबाही मचाई हुई है। 26 दिसंबर से अब तक 6 तूफान आ चुके हैं, जिनमें 17 लोगों ने जान गंवाई है। राज्य की 90% आबादी यानी 3 करोड़ 40 लाख लोगों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। पूरी खबर पढ़ें…
पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया में 100 साल की सबसे खतरनाक बाढ़: ब्रिटेन से तीन गुना बड़ा हिस्सा पानी में डूबा; कंगारू भी परेशान

ऑस्ट्रेलिया का किंबरली इलाका 100 साल की सबसे खतरनाक बाढ़ का सामना कर रहा है। किंबरली का क्षेत्रफल ब्रिटेन की तुलना में तीन गुना ज्यादा है लेकिन आबादी कम है। यहां रहने वाले आधे लोग आदिवासी हैं। जो दूर-दूर बने घरों में रहते हैं। पूरी खबर पढ़ें…
अमेरिका के बर्फीले तूफान में जमा नियाग्रा फॉल्स: तापमान जीरो डिग्री से कम, दुनिया के सबसे ऊंचे झरने पर बर्फ बनी पानी की चादर

अमेरिका और कनाडा में आए बॉम्ब साइकलोन सदी के सबसे बड़े बर्फीले तूफानों में से एक माना गया। इसने दुनिया के सबसे ऊंचे झरने नियग्रा फॉल्स को भी जमा दिया था। पूरी खबर पढ़ें...